मुंबई: कमोडिटी मार्केट (MCX) में गुरुवार, 29 जनवरी को एक ऐतिहासिक और अकल्पनीय तेजी देखने को मिली है। सुबह के कारोबारी सत्र में सोने और चांदी की कीमतों में आए जबरदस्त भूचाल ने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। निवेशकों और आम खरीदारों के होश उड़ाते हुए MCX पर सोना 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गई है।
सोना 10 हजार और चांदी 21 हजार रुपये महंगी
बाजार खुलते ही कीमतों में आग लग गई। MCX गोल्ड फरवरी वायदा में करीब 6 प्रतिशत का भारी उछाल दर्ज किया गया। कीमतों में सीधे 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद सोना ₹1,75,869 प्रति 10 ग्राम के अपने अब तक के सर्वोच्च शिखर (Record High) पर पहुंच गया। यही हाल चांदी का भी रहा। MCX सिल्वर मार्च फ्यूचर्स में भी 6 प्रतिशत की तूफानी तेजी देखी गई। चांदी की कीमतों में एक ही झटके में करीब 21,500 रुपये का इजाफा हुआ, जिससे यह ₹4,06,863 प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई।
ग्लोबल मार्केट में भी डॉलर के मुकाबले सोना मजबूत
घरेलू बाजार की तरह विदेशी बाजारों में भी कीमती धातुओं की चमक बढ़ी है। सिंगापुर के बाजार में आज सुबह 8:02 बजे तक सोना 0.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,461.98 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। इससे पहले यह 5,588.71 डॉलर के अपने ऑल टाइम हाई को छू चुका था। वहीं, वैश्विक बाजार में चांदी भी 0.9 प्रतिशत की मजबूती के साथ 117.119 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है।
डॉलर इंडेक्स में गिरावट का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, बुलियन मार्केट में आई इस तेजी के पीछे डॉलर की कमजोरी एक बड़ा कारण है। ब्लूमबर्ग डॉलर स्पॉट इंडेक्स में 0.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सोने-चांदी को सपोर्ट मिला है। हालांकि, जहां एक तरफ सोना-चांदी आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्लैटिनम और पैलेडियम की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है।

Gold becomes Rs 10,000 and silver Rs 21,000 more expensive; the market is stunned by the historic surge in prices








