जालंधर: जालंधर के रामामंडी इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। आग की लपटों से घिरी 77 वर्षीय बुजुर्ग महिला परमजीत कौर ने जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी, लेकिन यह कोशिश जानलेवा साबित हुई। ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
आग देख घबराईं, बचने के लिए उठाया खौफनाक कदम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका परमजीत कौर अपने पति लक्खा के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती थीं, जबकि निचली मंजिल पर किराएदार रहते हैं। बुधवार सुबह वह अपने कमरे में आराम कर रही थीं, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते कमरे में आग फैल गई। आग को विकराल होता देख वह बुरी तरह घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग और किराएदार जमा हो गए। खुद को आग में घिरता देख जान बचाने की जद्दोजहद में उन्होंने छत से नीचे छलांग लगा दी।
सिर में आई गंभीर चोट, नहीं बचा सके डॉक्टर
ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण परमजीत कौर के सिर में गंभीर चोटें आईं। धमाके और शोर की आवाज सुनकर घर के नीचे रहने वाले किराएदारों और पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत जोहल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस, दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला के शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शॉर्ट सर्किट किन परिस्थितियों में हुआ।

A 77-year-old elderly woman jumped from the roof in Jalandhar and died during treatment




