जालंधर: शहर के व्यस्त इलाके में स्थित थाना तीन के ठीक सामने बुधवार सुबह ताज पेट शॉप में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से हुए इस हादसे में दुकान का काफी सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि आग लगने के तुरंत बाद थाने के पुलिसकर्मियों और पड़ोसियों ने मुस्तैदी दिखाई, जिससे आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सुबह 8 बजे हुआ हादसा, थाने से पुलिसकर्मियों ने देखा धुआं
ताज पेट शॉप के मालिक हरविंदर सिंह ने बताया कि दुकान के ऊपर ही उनकी रिहायश है। सुबह करीब 8 बजे दुकान के अंदर शॉर्ट सर्किट हुआ। उस वक्त गली में कुछ लोग सैर कर रहे थे और सामने थाने के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे। उन्होंने दुकान के शटर से धुआं निकलता देख तुरंत शोर मचाया और ऊपर रह रहे मालिक को सूचित किया। खबर मिलते ही परिवार नीचे दौड़ा, लेकिन तब तक आग सुलग चुकी थी। मुश्किल की इस घड़ी में थाना तीन के पुलिसकर्मी तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने और पड़ोसियों ने मिलकर जान जोखिम में डालकर दुकान का शटर खोला और अंदर फंसे सामान को बाहर निकालना शुरू किया।
90 फीसदी सामान जलकर खाक, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
पुलिस और लोगों की मदद से काफी सामान बचा लिया गया, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण दमकल विभाग को सूचित करना पड़ा। दमकल विभाग की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों ने भी प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया है। पीड़ित दुकानदार हरविंदर सिंह के मुताबिक, इस हादसे में उनकी दुकान का करीब 90 प्रतिशत सामान जल गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिसकर्मी और पड़ोसी समय पर मदद न करते, तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

A massive fire broke out at a pet shop in Jalandhar; police officers and neighbors showed bravery, averting a major tragedy




