जालंधर: बस स्टैंड के समीप रोडवेज डिपो नंबर दो में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रोडवेज कर्मचारियों और दो सगे भाइयों के बीच कार पार्किंग को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस मारपीट में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब घायल युवक के बड़े भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बस स्टैंड चौकी में जमकर हंगामा किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने उसके भाई को पीटा, लेकिन पुलिस बचाने के बजाय तमाशबीन बनी रही और उल्टा घायल को इलाज कराने की जगह थाने ले आई।
केबिन में बंद कर 20-25 लोगों ने की मारपीट
घायल युवक के बड़े भाई अमित ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह तीन भाई हैं। उसका सबसे छोटा भाई, जो इमीग्रेशन का काम करता है, किसी काम से डॉक्यूमेंट लेने डिपो नंबर दो के वर्कशॉप के बाहर आया था। उसने गेट के बाहर अपनी कार खड़ी की, जिस पर रोडवेज कर्मचारियों से उसकी बहस हो गई। अमित का आरोप है कि बहस के दौरान कर्मचारियों ने उसके भाई के साथ हाथापाई की और उसे खींचकर एक केबिन में बंद कर दिया। छोटे भाई ने घबराकर मंझले भाई अंकित को फोन किया। अंकित मौके पर पहुंचा और भाई को निकालने के लिए केबिन का दरवाजा तोड़ा। आरोप है कि जैसे ही वे निकलने लगे, रोडवेज के 20 से 25 कर्मचारियों ने अंकित को पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए डिपो के अंदर ले जाकर बुरी तरह पीटा।
पुलिस पर गंभीर आरोप: बचाने की बजाय थाने में बैठाया
अमित ने बस स्टैंड चौकी में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि जब उसके भाई अंकित को पीटा जा रहा था, तब पुलिस वहां मौजूद थी। उसने कहा कि पुलिस ने उसके भाई को बचाने की कोई कोशिश नहीं की। हद तो तब हो गई जब पुलिस घायल अंकित को अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाने की बजाय सीधे चौकी ले आई और उसे वहां बैठा लिया। अमित ने पुलिस पर हैरेसमेंट करने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
भीड़ से बचाकर लाए थे: चौकी इंचार्ज
दूसरी ओर, बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज मोहिंदर सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि झगड़े के दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और उनकी टीम युवक को भीड़ के हमले से बचाकर सुरक्षित थाने लेकर आई थी। इंचार्ज का कहना है कि युवक को हिरासत में नहीं लिया गया था, बल्कि कार्रवाई के लिए उसके बयान दर्ज किए जा रहे थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Massive commotion at Jalandhar bus stand; roadways employees and a young man clashed over car parking




