You are currently viewing जालंधर में फिल्मी स्टाइल में गुंडागर्दी, एक्सीडेंट के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर को किया किडनैप; कपूरथला ले जाकर पीटा और मांगे 10 हजार

जालंधर में फिल्मी स्टाइल में गुंडागर्दी, एक्सीडेंट के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर को किया किडनैप; कपूरथला ले जाकर पीटा और मांगे 10 हजार

जालंधर: जालंधर में पुलिस लाइन फ्लाईओवर के पास सड़क हादसे के बाद गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक्सीडेंट के बाद एक कार चालक ने एम्बुलेंस ड्राइवर का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। आरोप है कि कार सवार युवक एम्बुलेंस ड्राइवर को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर कपूरथला ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई और नुकसान की भरपाई के नाम पर पैसों की मांग की गई। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मरीज को लेने जा रहा था, तभी हुआ हादसा

पीड़ित एम्बुलेंस ड्राइवर की पहचान फगवाड़ा के रहने वाले दीपक के रूप में हुई है। दीपक ने बताया कि वह शनिवार शाम करीब 4 बजे एक मरीज को लेकर पीजीआई (PGI) जाने के लिए निकला था। वह मरीज को उसके घर से लेने जा रहा था कि जालंधर पुलिस लाइन बस स्टैंड पुल के पास सामने से आ रही एक कार को बचाने के चक्कर में उसने ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार ने एम्बुलेंस में टक्कर मार दी।

जबरन कार में बैठाया, एम्बुलेंस भी ले गए साथ

टक्कर के बाद कार से उतरे युवकों ने अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा ड्राइवर से बहस शुरू कर दी। जब दीपक ने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों में से एक युवक खुद एम्बुलेंस चलाने लगा। दीपक का आरोप है कि युवक उसे थाने चलने की बात कहकर कपूरथला के गांव शेखापुरा ले गए। वहां पहुंचने पर उसे अहसास हुआ कि उसका अपहरण कर लिया गया है। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर पीटा गया और छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की गई।

पुलिस का फोन जाते ही आरोपियों ने छोड़ा

दीपक ने पैसे का इंतजाम करने के बहाने अपने साथी को फोन किया और पूरी आपबीती बताई। उसके साथियों ने तुरंत 112 नंबर और जालंधर बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दीपक के नंबर पर संपर्क किया और आरोपियों से बात की। पुलिस का फोन आते ही आरोपियों के होश ठिकाने आए और उन्होंने रात करीब साढ़े 8 बजे दीपक को छोड़ दिया। रविवार को दीपक ने बस स्टैंड चौकी में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस बोली- किडनैपिंग नहीं, आपसी बातचीत लग रही

इस पूरे मामले पर बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज मोहिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दुर्घटना के बाद दोनों पक्ष आपसी बातचीत और समझौते के लिए कपूरथला गए थे। फिलहाल किडनैपिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। बावजूद इसके पुलिस पीड़ित दीपक के बयान दर्ज कर रही है और दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया है। जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे, उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

In Jalandhar, a gang committed a crime in a film-style manner: after an accident, they kidnapped the ambulance driver