जालंधर: जालंधर जिले के फिल्लौर उपमंडल के अंतर्गत आते गांव गढ़ा में रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रविवार को यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल चल रही 13 वर्षीय छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बच्ची अपनी बुआ के साथ गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर घर लौट रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची हवा में उछल गई और गंभीर चोटें आने से उसने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हवा में उछलकर पेड़ से जा टकराई मुस्कान
मृतक छात्रा की पहचान छठी कक्षा में पढ़ने वाली मुस्कान (13) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुस्कान अपनी बुआ प्रवीण के साथ गांव के गुरुद्वारा साहिब में चल रहे धार्मिक समागम में गई थी। जब वे दोनों सड़क किनारे पैदल घर वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने मुस्कान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि मुस्कान उछलकर पास लगे एक पेड़ से जा टकराई। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खड़ी ‘थार’ से टकराकर रुकी कार, ड्राइवर भी गंभीर
बच्ची को टक्कर मारने के बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और वह अनियंत्रित होकर पास ही खड़ी एक थार गाड़ी से जा टकराई। इस दूसरी टक्कर के बाद ही कार रुक सकी। हादसे में कार चालक दलजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। वह जालंधर के नगर गांव का रहने वाला है और फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
बुआ के बयान पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर थाने के एएसआई जसविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतका की बुआ प्रवीण के बयानों के आधार पर कार चालक दलजीत सिंह के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tragic accident in Jalandhar: A 13-year-old girl returning from a gurdwara was hit by a car




