जालंधर: जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने शहर में एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते समय रहते पकड़े गए। गिरफ्तारी शहर के बाबा बुड्डा जी पुल के पास स्थित त्रिकोणी पार्क इलाके से हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस (रौंद) बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अमरबीर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार अपनी टीम के साथ कपूरथला रोड के पास गश्त और नाकेबंदी पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि बाबा बुड्डा जी पुल के नजदीक त्रिकोणी पार्क में तीन संदिग्ध युवक हथियारों के साथ घूम रहे हैं और वे किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और ट्रैप लगाकर तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान और अपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान मधुबन कॉलोनी के रहने वाले साहिल, गोपाल नगर निवासी मोहित और शहीद बाबू लाभ सिंह नगर निवासी करमवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके पास से दो अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस मिले। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उन पर पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और संपर्कों को खंगाल रही है।
हथियारों के सोर्स का पता लगा रही पुलिस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस की पूछताछ का मुख्य केंद्र यह है कि आरोपी ये अवैध हथियार कहां से और किससे लेकर आए थे। इसके साथ ही पुलिस यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि वे शहर के किस हिस्से में और किसके खिलाफ वारदात को अंजाम देने वाले थे। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क को लेकर भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Major incident averted in Jalandhar: CIA staff arrests 3 criminals with weapons; interrogation underway on remand




