जालंधर: शहर के होशियारपुर रोड स्थित एक निजी पैलेस में शादी समारोह की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं, जब वहां तैनात बाउंसरों ने अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हुए जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद बाउंसरों ने न केवल एक बैंड पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट की, बल्कि उनके साथ आए एक मासूम बच्चे को भी नहीं बख्शा। इतना ही नहीं, गुंडागर्दी पर उतारू बाउंसरों ने एक बुजुर्ग बैंड मास्टर, जो कि गुरु घर के सेवादार भी हैं, उनकी पगड़ी उतारने तक की धमकी दे डाली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्लाइंट के कहने पर बैंड बजाने को लेकर हुआ विवाद
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित बैंड मास्टर ग्रंथी सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी को एक क्लाइंट ने समारोह के लिए बुक किया था। जब वे अपना काम कर रहे थे, तो वहां मौजूद करीब 7-8 बाउंसरों ने उन्हें बेवजह टोकना शुरू कर दिया। विवाद की असली जड़ तब बनी जब मेजबान परिवार (पार्टी) उन्हें बैंड बजाने के लिए कह रहा था, लेकिन बाउंसर उन्हें जबरन रोक रहे थे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते बाउंसरों ने हिंसक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि इस दौरान बाउंसरों ने एक छोटे बच्चे को निशाना बनाया और उसे घसीटते हुए सीढ़ियों के नीचे ले गए, जहां उसे लातों और घूसों से बुरी तरह पीटा गया।
बुजुर्ग की पगड़ी और मर्यादा पर प्रहार
पीड़ित ने बेहद भावुक होकर बताया कि जब उन्होंने बच्चे को बचाने की गुहार लगाई, तो बाउंसरों ने उनके साथ भी अभद्रता की। बाउंसरों ने बुजुर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए धमकी दी और कहा कि “तू सरदार है, इसलिए तेरी इज्जत कर रहे हैं, वरना तेरी पगड़ी उतार कर तेरे हाथ में दे देते।” पीड़ित का कहना है कि वे एक ग्रंथी सिंह हैं और उन्होंने अपनी दस्तार (पगड़ी) की शान और मर्यादा को बनाए रखने के लिए अपमान का घूंट पी लिया और पीछे हट गए, ताकि स्थिति और न बिगड़े।
वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनने और मैनेजर की बेरुखी
जब बाउंसरों का अत्याचार बढ़ने लगा, तो पीड़ित पक्ष ने सबूत जुटाने के लिए अपने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया। यह देखते ही बाउंसर और भड़क गए। उन्होंने पीड़ित का मोबाइल छीनने की कोशिश की और उनके साथ हाथापाई की। पीड़ितों का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पैलेस का मैनेजर भी तमाशबीन बना रहा। मदद करने के बजाय मैनेजर ने उल्टा पीड़ितों को ही वहां से चले जाने का फरमान सुना दिया, जबकि उनके साथ आया बच्चा चोटिल हालत में निढाल पड़ा था।
रामा मंडी थाने में शिकायत, इंसाफ की मांग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने रामा मंडी पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। बैंड पार्टी के सदस्यों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी करके अपना पेट पालते हैं, लेकिन उनके साथ अपराधियों जैसा सुलूक किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए और उन बाउंसरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जिन्होंने एक मासूम बच्चे पर हाथ उठाया और बुजुर्ग की पगड़ी का अपमान किया।

Bouncers unleashed violence at a palace in Jalandhar, brutally beating band members and a child.




