जालंधर: जालंधर शहर के अंतर्गत आते गांव राजावली स्थित भारत पेट्रोलियम के एक पेट्रोल पंप पर गलत ईंधन डालने को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। यहां कार में डीजल की जगह पेट्रोल डलने से नाराज एक युवती ने अपने साथियों को मौके पर बुलाकर पंप कर्मचारी की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट की यह पूरी वारदात पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घायल कर्मचारी, जिसकी पहचान जतिन कपूर के रूप में हुई है, को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मकसूदां पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
फोन पर व्यस्त थी युवती, गलतफहमी में डला पेट्रोल
पीड़ित कर्मचारी जतिन कपूर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह पंप पर ड्यूटी कर रहा था, तभी एक युवती अपनी कार लेकर वहां पहुंची। उस समय वह मोबाइल पर बात करने में व्यस्त थी। जतिन के मुताबिक, उसने युवती से पूछा कि गाड़ी में डीजल डालना है या पेट्रोल, जिस पर युवती ने पेट्रोल बताया। कर्मचारी ने जैसे ही 200 से 300 रुपये का पेट्रोल डाला, तो पता चला कि गाड़ी डीजल वाली है। अपनी गलती का अहसास होते ही कर्मचारी ने तुरंत माफी मांगी और युवती से कहा कि वह गाड़ी वहीं खड़ी रखे, वह मैकेनिक की मदद से गलत डाला गया तेल निकाल देगा और गाड़ी ठीक करवा देगा।
माफी मांगने पर भी नहीं मानी, साथियों संग मिलकर पीटा
आरोप है कि कर्मचारी के माफी मांगने और समाधान बताने के बावजूद युवती का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह गाड़ी से नीचे उतरी और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई पर उतर आई। इसके बाद उसने फोन करके अपने कुछ साथियों को पेट्रोल पंप पर बुला लिया। उन युवकों ने आते ही जतिन को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। जतिन का गंभीर आरोप है कि मारपीट के दौरान उक्त महिला उसका मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी भी छीन कर ले गई।
अस्पताल में भी धमकाने पहुंचे आरोपी
दहशत का माहौल तब और बढ़ गया जब घायल जतिन अपने साथियों के साथ इलाज और मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि वहां भी कुछ युवक पहुंच गए और उन्होंने पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया ताकि वह मेडिकल रिपोर्ट न बनवाए और पुलिस में शिकायत न करे। पीड़ित कर्मचारी ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Thuggery at a petrol pump in Jalandhar: A woman became enraged after petrol was mistakenly filled instead of diesel




