जालंधर: जालंधर देहात पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शाहकोट के सोहल जागीर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंग्रेज सिंह और करणवीर के रूप में हुई है। ये दोनों ही जिला तरनतारन के थाना चोला साहिब के गांव मरेहाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से एक .30 बोर की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक चला हुआ खोल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने खोल दी फायरिंग
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 11 जनवरी को हुई गोलीबारी की घटना में शामिल आरोपी सोहल जागीर के पास हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। जब मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी करणवीर के पेट में गोली लगी। पुलिस ने घायल करणवीर और उसके साथी अंग्रेज सिंह को मौके से ही दबोच लिया। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सात समंदर पार रची गई थी हमले की साजिश
पुलिस जांच में इस गोलीबारी के पीछे एक गहरी अंतरराष्ट्रीय साजिश का खुलासा हुआ है। एसएसपी ने बताया कि इस पूरी वारदात का मुख्य सूत्रधार बलवंत सिंह उर्फ बंत है, जो गांव सोहल जागीर का मूल निवासी है और वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है। वह शिकायतकर्ता सुखचैन सिंह का ममेरा भाई है। जांच में सामने आया कि अमेरिका बैठे बलवंत सिंह ने फिलीपींस में रह रहे चरणजीत सिंह उर्फ चन्ना से संपर्क किया। इसके बाद चरणजीत ने पंजाब में अंग्रेज सिंह और करणवीर को इस काम के लिए हायर किया और उन्हें गोलीबारी करने के निर्देश दिए।
विदेशी हैंडलर्स के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
यह मामला 11 जनवरी, 2026 को गांव सोहल जागीर में सुखचैन सिंह के घर हुई फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें थाना शाहकोट में पहले ही बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था। एसएसपी जालंधर देहात ने स्पष्ट किया है कि विदेश में बैठकर अपराध को ऑपरेट कर रहे आरोपियों के खिलाफ भी कानूनन उचित औपचारिकताओं के साथ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क की और गहराई से जांच कर रही है ताकि इसके अन्य तार भी खंगाले जा सकें।

In a direct encounter between Jalandhar police and criminals, one suspect was shot in the leg




