जालंधर: जालंधर के न्यू विजय नगर इलाके में सोमवार शाम एक कोठी में आग लगने से दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इस अग्निकांड में 30 वर्षीय युवती रुबिका की आग में झुलसकर मौत हो गई। मृतका मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और जिस वक्त यह हादसा हुआ, वह अपने कमरे में बेड पर लेटी हुई थी। बीमारी और लाचारी के कारण वह न तो आग लगने पर शोर मचा सकी और न ही अपनी जान बचाने के लिए कमरे से बाहर भाग सकी। बताया जा रहा है कि मृतका कांग्रेसी विधायक की भांजी थी।
कमरे में ही फंसी रह गई लाचार रुबिका
घटना के समय 30 वर्षीय रुबिका घर के अंदर अपने कमरे में मौजूद थी। चूंकि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं थी और शारीरिक रूप से भी कमजोर थी, इसलिए जब आग ने कमरे को अपनी चपेट में लिया, तो वह चाहकर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पाई। वह बेड पर ही पड़ी रह गई और आग की लपटों ने उसे पूरी तरह घेर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पीवीसी शीटों ने बढ़ाई आग की लपटें
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, आग के इतना विकराल रूप धारण करने के पीछे घर की सजावट एक बड़ा कारण बनी। जांच में पता चला है कि घर की दीवारों पर पीवीसी (PVC) की शीटें लगी हुई थीं। शॉर्ट सर्किट होते ही इन शीटों ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते घर का एक कमरा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले उजड़ गया परिवार
घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ अनु पलियाल पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। लेकिन जब तक राहत बचाव कार्य शुरू होता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रुबिका की जलने से मौत हो चुकी थी। एसएचओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विधायक विक्रम चौधरी के रिश्तेदार के घर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जिस कोठी में यह हादसा हुआ, वह न्यू विजय नगर में कांग्रेसी विधायक विक्रम चौधरी के घर के पास ही स्थित है और उनके रिश्तेदार की है। घर में विधायक के ताया के बेटे मोहित का परिवार रहता था। मोहित की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है, जिसके बाद से उनकी पत्नी सिमरत कौर अपने दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं। सोमवार रात सिमरत कौर घर पर ही मौजूद थीं, तभी शॉर्ट सर्किट से यह भयानक हादसा हो गया।

In Jalandhar, the niece of a Congress MLA died after being burned alive in a fire




