You are currently viewing जालंधर के इस इलाके में हाईवोल्टेज ड्रामा, दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर, चिट्टा बेचने के आरोपों से गरमाया माहौल

जालंधर के इस इलाके में हाईवोल्टेज ड्रामा, दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर, चिट्टा बेचने के आरोपों से गरमाया माहौल

जालंधर: शहर के भार्गव कैंप इलाके में देर रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों तरफ से हंगामा शुरू हो गया और ईंट-पत्थर चलने लगे। इलाके में मची चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर नशा (चिट्टा) बेचने के गंभीर आरोप लगा दिए, जबकि दूसरे पक्ष ने खुद को धार्मिक संस्था का सेवादार बताते हुए आरोपों को खारिज किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ईंटें बरसाने और कमिश्नर दफ्तर की धौंस देने का आरोप

मामले की जानकारी देते हुए एक युवती ने आरोप लगाया कि राजू, भालू और उनके साथ आए 5 से 6 अज्ञात लोगों ने उनके घर पर ईंटें बरसाईं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दूसरे पक्ष के एक युवक ने देर रात मोहल्ले के लोगों को गंदी गालियां दीं और जमकर उत्पात मचाया। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति खुद को पुलिस कमिश्नर दफ्तर का कर्मचारी बताकर धौंस जमाता है और लोगों को डराता है। इसके अलावा, उस पर इलाके में चिट्टा बेचने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आक्रोशित लोग आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए और उसे नीचे आने के लिए ललकारते रहे, जिस दौरान जमकर गाली-गलौज भी हुई।

दूसरे पक्ष की सफाई- मैं राम का सेवक हूं, सबूत लाएं

वहीं, दूसरे पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। संदीप पाहवा ने बताया कि वह श्री राम कमेटी के सदस्य हैं और पिछले 15 सालों से भगवान की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन पर चिट्टा बेचने के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत और निराधार हैं। बिरादरी को गालियां देने के आरोप पर उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्होंने ऐसा कुछ किया है, तो विरोधी पक्ष इसका कोई सबूत पेश करे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अगर भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार आरोप लगाने वाले लोग होंगे।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदीप पाहवा की ओर से झगड़े की शिकायत मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इलाके में गुंडागर्दी करने वालों पर नकेल कसी जाए और उन्हें इंसाफ दिया जाए। 

high-voltage-drama-unfolded-in-this-area-of-jalandhar-with-bricks-and-stones-being-hurled-between-two-groups