जालंधर: महानगर के गढ़ा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती ने एक युवती की जिंदगी नर्क बना दी। पटियाला की रहने वाली एक युवती ने जालंधर के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और मारपीट कर घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने शिवसेना नेताओं के साथ पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
इंटरनेट पर परवान चढ़ा प्यार, हकीकत निकली कड़वी
पीड़ित युवती ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि पिछले साल मार्च महीने में इंटरनेट के जरिए उसकी दोस्ती जालंधर के गढ़ा निवासी बलजीत से हुई थी। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला बढ़ा और दोनों के परिवारों की मुलाकात भी हुई। युवक ने युवती को भरोसा दिलाया था कि वह उससे शादी करेगा। पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी उसे किसी दरबार में माथा टेकने के बहाने ले गया और वहां से सीधे अपने घर ले आया। वहां युवक के परिजनों ने उसे दो दिन तक घर में रहने को कहा और जल्द शादी करवाने का आश्वासन दिया।
बिना फेरों के पहनाई चूड़ियां, फोटो भेजकर परिवार को किया गुमराह
पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उसे बिना किसी रस्म या शादी के ही हाथों में चूड़ियां पहना दीं और अपने घर में रख लिया। हद तो तब हो गई जब उसने दोनों की फोटो खींचकर युवती के परिवार को भेज दी और झूठ बोला कि उनकी शादी हो चुकी है। यह सुनकर युवती के परिवार वाले नाराज हो गए और उन्होंने उससे बातचीत बंद कर दी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अपने घर में रखकर कथित तौर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
नशे में हैवान बना प्रेमी, राजीनामे के बाद फिर की मारपीट
युवती को साथ रहने के दौरान पता चला कि बलजीत नशे का आदी है। नशे की हालत में वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। 30 नवंबर को आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। उस समय युवती ने थाना-7 की पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद लड़के वालों ने राजीनामा कर लिया और उसे वापस घर ले गए। कुछ दिन सब ठीक रहा, लेकिन 16 जनवरी को बलजीत ने फिर से अपना असली रूप दिखाया और मारपीट कर उसे घर से बेघर कर दिया। अब पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

In Jalandhar, a woman was raped after being lured into a marriage proposal; she was given bangles and kept in the house, and then…




