You are currently viewing जालंधर में चाइना डोर का कहर, पतंग उड़ाते वक्त युवक का गला कटा, हालत बेहद नाजुक; प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से हो रही बिक्री

जालंधर में चाइना डोर का कहर, पतंग उड़ाते वक्त युवक का गला कटा, हालत बेहद नाजुक; प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से हो रही बिक्री

जालंधर: पंजाब में चाइना डोर (सिंथेटिक मांझा) पर कड़े प्रतिबंध के बावजूद इसका खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बसंत पंचमी के त्योहार से पहले ही जालंधर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पतंगबाजी के दौरान चाइना डोर की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन बुरी तरह कट गई। प्रशासन की सख्ती के दावों के बीच हो रही चाइना डोर की खुलेआम बिक्री ने एक बार फिर एक युवक की जान को जोखिम में डाल दिया है।

सांस लेना हुआ मुश्किल, गर्दन पर आया गहरा घाव

घायल युवक की पहचान हरदीप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरदीप पतंग उड़ा रहा था, तभी अचानक प्लास्टिक की यह धारदार डोर उसके गले में फंस गई। डोर की धार इतनी तेज थी कि उसने पल भर में युवक की गर्दन पर गहरा घाव कर दिया। गंभीर चोट के कारण हरदीप को तुरंत सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने बिना देरी किए उसे जालंधर के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती करवाया।

अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम

अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम हरदीप की जान बचाने की जद्दोजहद में जुटी हुई है। एनेस्थेटिस्ट डॉ. राजीव सूद की निगरानी में युवक की सर्जरी की जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्दन पर लगा घाव काफी गहरा है, जिसके चलते मरीज की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है और डॉक्टरों ने अगले 24 से 48 घंटे मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताए हैं।

दावों की पोल खोलती पुलिस की कार्रवाई

यह घटना एक बार फिर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। राज्य भर में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और पुलिस आए दिन छापेमारी व कार्रवाई के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यह ‘मौत का धागा’ अब भी बाजारों में आसानी से उपलब्ध है। बसंत पंचमी का पर्व नजदीक आते ही पतंगबाजी का शौक बढ़ने लगता है, लेकिन मुनाफे के लालच में बेची जा रही यह अवैध डोर आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। 

The deadly effects of Chinese kite string strike again in Jalandhar; a young man’s throat was cut while flying a kite, and his condition is critical.