You are currently viewing जालंधर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल; परिजनों ने मौत के लिए जताई ये आशंका

जालंधर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल; परिजनों ने मौत के लिए जताई ये आशंका

जालंधर: जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में रविवार को उस वक्त मातम पसर गया, जब एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, विशेषकर मां की हालत बेहद खराब है। परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की जान नशे की ओवरडोज के कारण गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक नशे की ओवरडोज से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

इलाके में नशा बिकने से लोगों में गुस्सा

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि वेस्ट हलके में खुलेआम नशा बिक रहा है, जिसके चलते आए दिन नौजवानों की मौतें हो रही हैं। बुजुर्ग निवासियों ने याद दिलाया कि 20 साल पहले भी बस्ती के हालात ऐसे ही बदतर हो गए थे। उस समय लोग एकजुट होकर सड़कों पर उतरे थे, जिसके बाद कई सालों तक यहां नशे के मामलों में कमी आई थी। लोगों का कहना है कि अब फिर से वही स्थिति बन गई है और पहले शहर का काजी मंडी मोहल्ला नशे का गढ़ माना जाता था, लेकिन अब यह इलाका भी उसी राह पर है। लोगों ने कहा कि अब फिर से एकजुट होकर इस बुराई के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है।

शीतल अंगुराल ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

मृतक युवक के परिवार को ढांढ़स बंधाने के लिए भाजपा नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल सहित कई अन्य नेता मौके पर पहुंचे। शीतल अंगुराल ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आज एक और मां की गोद सूनी हो गई है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक महीने पहले उनके अपने भतीजे विकास का भी कत्ल कर दिया गया था। अंगुराल ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि नौजवानों की मौत को लेकर मां-बाप रो रहे हैं और सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। शहर में वारदातें इतनी बढ़ गई हैं कि आम लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

A young man died under suspicious circumstances in Jalandhar; his family is devastated and inconsolable.