चंडीगढ़: पंजाब में रविवार की सुबह घनी धुंध आम लोगों के लिए मुसीबत बनकर आई। धुंध के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिसके चलते बठिंडा और जालंधर में अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि गनीमत यह रही कि किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।
बठिंडा: गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक से भिड़ी PRTC बस
बठिंडा के मौड़ मंडी में घनी धुंध के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टला। यहाँ बठिंडा से मानसा जा रही एक पीआरटीसी (PRTC) बस की टक्कर गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बस में सवार करीब 35 यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया और ट्रैफिक को सुचारू किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर टक्कर के दौरान ट्रक में लदे गैस सिलेंडर फट जाते तो यह हादसा बहुत भयानक रूप ले सकता था। फिलहाल सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
जालंधर: 8 महीने से खुदे गड्ढे में समाई कार
जालंधर में भी धुंध और प्रशासनिक लापरवाही का मिला-जुला असर देखने को मिला। बाबू जगजीवन राम रोड पर घनी धुंध के कारण एक कार सड़क पर खुदे गड्ढे में जा गिरी। कार में एक साल की बच्ची समेत कुल 5 लोग सवार थे। हादसे के वक्त धुंध इतनी ज्यादा थी कि चालक को सड़क पर मौजूद गड्ढा दिखाई नहीं दिया।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि इस रोड पर पिछले 8 महीनों से काम चल रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही धुंध में राहगीरों को सचेत करने के लिए कोई रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं।
DAV कॉलेज के पास गंदे नाले में पलटी कार
जालंधर में ही एक अन्य घटना में डीएवी (DAV) कॉलेज के पास एक बेकाबू कार गंदे नाले में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे। कार के नाले में गिरने के तुरंत बाद राहत बचाव कार्य किया गया और दोनों सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रविवार को हुए इन हादसों ने एक बार फिर कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।

Dense fog causes havoc in Punjab: Bus collides with a truck loaded with gas cylinders.




