जालंधर: शहर के व्यस्ततम लम्मा पिंड चौक के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार तेल टैंकर की चपेट में आने से एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि साइकिल सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
नूरमहल जा रहा था टैंकर
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेल टैंकर सूखी पिंड डिपो से तेल लोड करके नूरमहल की तरफ जा रहा था। जैसे ही टैंकर लम्मा पिंड चौक के पास पहुंचा, वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
चालक हिरासत में, जांच शुरू
हादसे की खबर मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस टीम हरकत में आई। जांच अधिकारी एएसआई बलकरण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैंकर चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक की पहचान अमृतसर के अजनाला निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिनाख्त के लिए 72 घंटे का इंतजार
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इस वजह से अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मरने वाला व्यक्ति कौन था और कहां का रहने वाला था। एएसआई बलकरण सिंह ने बताया कि नियमानुसार शव को पहचान के लिए अगले 72 घंटों तक जालंधर के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है ताकि मृतक के परिजनों तक पहुंचा जा सके।

In Jalandhar, an oil tanker ran over a cyclist, resulting in a tragic death on the spot




