जालंधर: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। चौगिटी बाईपास के पास हुए इस हादसे में गनीमत यह रही कि कार सवार व्यक्ति ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बीच सड़क पर धू-धू कर जलती कार को देखकर राहगीर सहम गए और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बोनट से धुआं निकला और भड़क गई आग
कार चालक अश्वनी कुमार ने बताया कि वह लम्मा पिंड चौक की तरफ से आ रहे थे। जैसे ही वह चौगिटी बाईपास स्थित अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचे, अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। अनहोनी की आशंका होते ही उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण बोनट नहीं खुला। कुछ ही पलों में धुएं ने आग का रूप ले लिया। अश्वनी ने बताया कि पास की फैक्ट्री से दो युवक मदद के लिए आए और उन्होंने अग्निशमन सिलेंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना नामुमकिन हो गया और कार आग की लपटों में घिर गई।
दो दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, क्रेन से हटाई गई कार
मामले की जानकारी देते हुए फायर ऑफिसर विशाल ने बताया कि उन्हें चौगिटी बाईपास पर आगजनी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल विभाग की दो गाड़ियों को बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। विशाल ने पुष्टि की है कि इस घटना में कार चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बाद में यातायात बहाल करने के लिए क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क से हटाकर किनारे करवाया गया।

A moving car on the Jalandhar-Amritsar highway turned into a ball of fire; the driver saved his life by jumping out.




