जालंधर: जालंधर-नकोदर हाईवे पर अड्डा लांबड़ा के पास एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगने के बाद युवक की एक टांग उसके शरीर से कटकर अलग हो गई। मृतक की पहचान भगवानपुर निवासी अभिषेक उर्फ रोहित के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राहगीर ने दिखाई इंसानियत, ऑटो से पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी। मंजर बेहद खौफनाक था, क्योंकि अभिषेक खून से लथपथ पड़ा था और उसकी टांग शरीर से अलग हो चुकी थी। राहगीर ने घबराने के बजाय इंसानियत का परिचय दिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद एक ऑटो चालक की मदद से गंभीर रूप से घायल अभिषेक को जालंधर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
काम के लिए घर से निकला था अभिषेक
पुलिस ने युवक की पहचान करने के बाद तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि रोहित किसी निजी काम से घर से बाहर निकला था। उन्हें क्या पता था कि वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद उन्हें इस हादसे की मनहूस खबर मिली। फिलहाल लांबड़ा थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

A horrific accident occurred on the Jalandhar-Nakodar highway; a young man’s leg was severed from his body in the road accident.




