You are currently viewing जालंधर में गुंडागर्दी: पतंगबाजी के विवाद में 40 लोगों ने घर पर बोला धावा, तेजधार हथियारों से तोड़फोड़; इलाके में दहशत

जालंधर में गुंडागर्दी: पतंगबाजी के विवाद में 40 लोगों ने घर पर बोला धावा, तेजधार हथियारों से तोड़फोड़; इलाके में दहशत

जालंधर: जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में बिंदा चौक के पास गुंडागर्दी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां पतंगबाजी को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद 35 से 40 लोगों की भीड़ ने एक घर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

शराब के नशे में पिता को गालियां देने से भड़का विवाद

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित आनंद ने बताया कि लोहड़ी के मौके पर बीते दिन दोनों गुटों ने मिल-जुलकर पतंगें उड़ाई थीं। पिता ने पहले ही युवकों को शोर न मचाने की हिदायत दी थी ताकि कोई विवाद न हो। लेकिन देर रात माहौल तब बिगड़ गया जब दोनों गुटों के युवकों ने शराब का सेवन किया। आनंद के अनुसार, जब वह अपने दोस्त कालू के घर गया, तो वहां मौजूद युवकों ने शराब के नशे में उसके पिता को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर दोनों पक्षों में तीखी बहस और हाथापाई हुई। उस वक्त आनंद के ताये के लड़के ने बीच-बचाव करवाकर मामला शांत करवा दिया था।

बुलाने पर नहीं गया तो घर चढ़ आए हमलावर

थाना बस्ती बावा खेल के जांच अधिकारी नीला राम ने बताया कि बीती रात के झगड़े की रंजिश रखते हुए आज आरोपी कालू ने पीड़ित को फोन करके लाहौरियां मोहल्ले में बुलाया था। जब पीड़ित वहां नहीं पहुंचा, तो गुस्साए आरोपी अपने 35-40 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर उसके घर आ धमके। हमलावरों ने घर में घुसकर हिंसक हमला किया और सामान की तोड़फोड़ करके मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किए बयान, आरोपियों की तलाश शुरू

दिनदिहाड़े घर में घुसकर किए गए इस हमले से मोहल्ले के लोग सहमे हुए हैं। जांच अधिकारी नीला राम ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब दूसरे पक्ष के घर जाकर मामले की पड़ताल करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों के बयानों और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Gang violence in Jalandhar: 40 people attacked a house over a kite-flying dispute vandalizing it with sharp weapons