You are currently viewing जालंधर में जोमैटो डिलीवरी बॉय से लूट, गर्दन पर तेजधार हथियार रखकर नकदी-मोबाइल छीना; 6 बदमाशों ने की मारपीट

जालंधर में जोमैटो डिलीवरी बॉय से लूट, गर्दन पर तेजधार हथियार रखकर नकदी-मोबाइल छीना; 6 बदमाशों ने की मारपीट

जालंधर: महानगर में लुटेरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में सोढल चौक के पास देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक जोमैटो डिलीवरी बॉय को अपना निशाना बनाया। दो मोटरसाइकिलों पर आए आधा दर्जन लुटेरों ने युवक को घेरकर न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

ड्यूटी खत्म कर घर लौटते वक्त घेरा

जानकारी के अनुसार, किशनपुरा निवासी राजन शर्मा जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता है। देर रात करीब 12:30 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म कर सोढल मार्ग से अपने घर की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह सोढल चौक के पास पहुंचा, तभी पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे चारों तरफ से घेर लिया। सुनसान इलाका होने के कारण पीड़ित को भागने का मौका नहीं मिला।

मोबाइल कवर में छिपाए थे पैसे, मारपीट कर छीने

लुटेरों ने दहशत फैलाने के लिए राजन की गर्दन पर तेजधार हथियार रख दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बैग छीनने की कोशिश की। शुरुआत में जब बदमाशों को तलाशी के दौरान नकदी नहीं मिली, तो उन्होंने झुंझलाकर राजन के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी मेहनत की कमाई के 2000 रुपये मोबाइल कवर के पीछे छिपाकर रखे थे। मारपीट के बाद आरोपियों ने वह नकदी और मोबाइल ढूंढ निकाला और सामान लूटकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज

वारदात के बाद पीड़ित युवक काफी सहम गया था। उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

In Jalandhar, a Zomato delivery boy was robbed; cash and his mobile phone were snatched