You are currently viewing जालंधर में गंदे पानी में डूबने से महिला की मौत पर SC आयोग सख्त, 14 जनवरी को DDPO तलब

जालंधर में गंदे पानी में डूबने से महिला की मौत पर SC आयोग सख्त, 14 जनवरी को DDPO तलब

जालंधर: पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने जालंधर जिले के फिल्लौर तहसील स्थित गांव नगर में फैले गंदे पानी और उससे पैदा हुए नारकीय हालात पर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने इस मामले में ‘सूमोटो’ (स्वतः संज्ञान) कार्रवाई करते हुए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (DDPO) जालंधर को 14 जनवरी को चंडीगढ़ स्थित आयोग के मुख्य कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। आयोग ने यह कार्रवाई पंचायत विभाग की लापरवाही और ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ हो रहे खिलवाड़ को देखते हुए की है।

गुरुपर्व से पहले सड़क पर बह रहा गंदा पानी

एससी कमीशन के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि गांव नगर में गुरु रविदास महाराज को मानने वाले रविदासिया समुदाय का एक प्रमुख धार्मिक डेरा स्थित है। आने वाले दिनों में श्री गुरु रविदास महाराज का गुरुपर्व मनाया जाना है, जिसके उपलक्ष्य में गांव से बड़ी शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इतनी बड़ी धार्मिक महत्ता होने के बावजूद, पंचायत विभाग की घोर लापरवाही के कारण गांव के गंदे पानी की निकासी सड़कों पर हो रही है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है, बल्कि आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित है।

गंदे पानी में गिरने से गई महिला की जान

प्रशासन की उदासीनता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में इसी गंदे पानी में डूबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर गांववासियों ने सड़क पर धरना लगा रखा है। प्रदर्शनकारी श्री गुरु रविदास महाराज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाकर प्रशासन के खिलाफ रोष जता रहे हैं।

अखबार की खबर पर लिया संज्ञान

आयोग ने एक अखबार में प्रकाशित खबर के आधार पर इस मामले का खुद संज्ञान लिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक महिला की मौत और धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीडीपीओ जालंधर को निर्देश दिए गए हैं कि वे 14 जनवरी को पूरे रिकॉर्ड के साथ चंडीगढ़ पहुंचें और बताएं कि अब तक इस गंभीर समस्या का समाधान क्यों नहीं किया गया।

The SC Commission has taken a strict stance on the death of a woman in Jalandhar due to drowning in sewage water