You are currently viewing अमेरिका के सपने ने पहुंचाया जेल; साढ़ू ने ही दिया 44 लाख का दंश, सीधी फ्लाइट बताकर डंकी रूट से भेजा

अमेरिका के सपने ने पहुंचाया जेल; साढ़ू ने ही दिया 44 लाख का दंश, सीधी फ्लाइट बताकर डंकी रूट से भेजा

कपूरथला: पंजाब में विदेशों में बसने की चाहत और कबूतरबाजी के मामलों में अब रिश्तों का खून होने लगा है। ताजा मामला सुल्तानपुर लोधी से सामने आया है, जहां अमेरिका भेजने के नाम पर एक व्यक्ति को उसके ही रिश्तेदार (साढ़ू) ने 44 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित को सीधी फ्लाइट का झांसा देकर खतरनाक ‘डंकी रूट’ के जरिए अमेरिका भेजा गया, जिसके चलते उसे न सिर्फ 7 महीने अमेरिकी जेल में काटने पड़े, बल्कि उसे वहां से डिपोर्ट भी कर दिया गया।

रिश्तेदारी में हुआ सौदा, मैक्सिको बॉर्डर पर हुई गिरफ्तारी

पीड़ित जगतार सिंह, निवासी गांव जैनपुर ने सुल्तानपुर लोधी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसका साढ़ू जोगा सिंह, जो गांव मसीतां का रहने वाला है और ट्रेवल एजेंट का काम करता है, ने उसे भरोसे में लिया था। जुलाई 2024 में उसे सीधी फ्लाइट से अमेरिका भेजने के लिए 50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। जगतार सिंह ने विश्वास करके अलग-अलग तारीखों में आरोपी जोगा सिंह और उसके जालंधर निवासी साथी जगजीत सिंह भुल्लर को करीब 44 लाख रुपये दे दिए। लेकिन पैसे लेने के बाद एजेंटों ने उसे धोखे से फ्रांस, स्पेन और अल साल्वाडोर के रास्ते घुमाते हुए मैक्सिको बॉर्डर पहुंचा दिया।

7 महीने अमेरिकी जेल में काटने के बाद हुआ डिपोर्ट

जगतार सिंह ने आरोप लगाया कि मैक्सिको बॉर्डर से उसे जबरन गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल करवाने की कोशिश की गई, जहां अमेरिकी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी जिंदगी नर्क बन गई। वह करीब 7 महीने तक अमेरिका की जेल (कैंप) में बंद रहा। कानूनी कार्रवाई के बाद 18 जुलाई 2025 को उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि जब वह भारत लौटा और अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में पैसे लौटाने से साफ इनकार करते हुए धमकियां देनी शुरू कर दीं।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी ने नकारे आरोप

इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 13 और पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन एक्ट 2014 के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, आरोपी जोगा सिंह ने मीडिया के माध्यम से खुद पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है और इस मामले में उसकी कोई भूमिका नहीं है। उसने दावा किया है कि कोर्ट में सच्चाई सामने आ जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है।

The American dream landed him in jail; his brother-in-law cheated him out of 44 lakh rupees, sending him via a dangerous