You are currently viewing हिमाचल में बसेगा ‘तीसरा चंडीगढ़’: 50 हजार करोड़ की लागत से बनेगा हिम चंडीगढ़, 20 हजार बीघा में होगा विस्तार

हिमाचल में बसेगा ‘तीसरा चंडीगढ़’: 50 हजार करोड़ की लागत से बनेगा हिम चंडीगढ़, 20 हजार बीघा में होगा विस्तार

चंडीगढ़: देश में ‘चंडीगढ़’ नाम की ब्रांडिंग के साथ अब तीसरा शहर अस्तित्व में आने जा रहा है। केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ और पंजाब के मोहाली में बसे ‘न्यू चंडीगढ़’ के बाद अब हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपना अलग ‘हिम चंडीगढ़’ बसाने की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने चंडीगढ़-बद्दी रोड पर इस नए शहर को विकसित करने का फैसला किया है, जो एक प्लांड रेजिडेंशियल सिटी होने के साथ-साथ एक बड़ा कमर्शियल हब भी होगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 30 दिसंबर 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रोजेक्ट पर मुहर लगाई जा चुकी है। सरकार का दावा है कि शीतलपुर के पास बनने वाली यह टाउनशिप वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस होगी, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों का भी कायाकल्प होगा।

‘हिम चंडीगढ़’ की रूपरेखा और इसके बसने का तरीका बेहद खास होगा। सरकार की योजना के मुताबिक, इसे कुल 20 हजार बीघा जमीन पर विकसित किया जाएगा, लेकिन पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इसके आधे हिस्से यानी 10 हजार बीघा में सिर्फ जंगल और हरियाली होगी। सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया है कि जंगल के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इस प्रोजेक्ट के लिए लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जा रहा है और हाउसिंग डिपार्टमेंट के नाम 3400 बीघा जमीन ट्रांसफर की जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य अगले दो महीनों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने का है। यह शहर मुख्य चंडीगढ़ से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए इसे बद्दी-चंडीगढ़ रेल लाइन से भी जोड़ने का प्रस्ताव है।

इस विशाल परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए 35 हजार करोड़ से लेकर 50 हजार करोड़ रुपए तक की अनुमानित लागत आएगी। सरकार इसके लिए मास्टर प्लान तैयार करने हेतु जल्द ही कंसल्टेंट नियुक्त करेगी और प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए लोन लेने की योजना भी बना रही है। हिमाचल सरकार द्वारा यह नया शहर बसाने के पीछे सबसे बड़ा तर्क पलायन को रोकना है। सरकार का मानना है कि पढ़ाई, नौकरी और हाई-क्लास लाइफस्टाइल की तलाश में प्रदेश के युवा बड़ी संख्या में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला का रुख करते हैं। ‘हिम चंडीगढ़’ के बनने से उन्हें अपने ही राज्य में वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे प्रतिभा और संसाधन प्रदेश में ही रहेंगे।

a-third-chandigarh-will-be-built-in-himachal-pradesh-him-chandigarh-will-be-constructed-at-a-cost-of-50000-crore-rupees