जालंधर: शहर के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके बूटा मंडी में आज (वीरवार) सुबह तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लकड़ी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे की है। तेज हवाओं के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि पूरे इलाके और आसपास की गलियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर घरों से बाल्टियां भरकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना आम लोगों के बस से बाहर हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय निवासियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोदाम में रखा सारा कीमती लकड़ी का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने की वजहों की जांच कर रही हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

A fire broke out in a timber warehouse in Jalandhar, destroying goods worth millions of rupees and causing chaos in the entire area.




