जालंधर: कड़ाके की ठंड और घनी धुंध के बीच भोजन की तलाश में जंगली जानवर अब शहरी इलाकों का रुख करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला जालंधर के कस्बा आदमपुर में देखने को मिला, जहां एक रिहायशी इलाके में अचानक सांभर के आ जाने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गलियों में दौड़ते इस विशालकाय जानवर को देखकर लोग सहम गए। स्थानीय निवासी ऋषि ने बताया कि वह सुबह अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी उन्होंने देखा कि आवारा कुत्ते एक सांभर के पीछे पड़े हैं। कुत्तों से अपनी जान बचाने के लिए सांभर बदहवास होकर भाग रहा था। इसी आपाधापी में वह पहले एक खाली दुकान में घुसा और बाद में एक घर के अंदर जा छिपा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और आदमपुर गौशाला की टीम ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन डरे हुए जानवर को काबू करना आसान नहीं था। वन विभाग के अधिकारियों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन और कड़ी मशक्कत के बाद सांभर को काबू में किया। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर की भागदौड़ और कुत्तों के हमले के कारण सांभर को कुछ चोटें भी आई हो सकती हैं। फिलहाल उसे प्राथमिक उपचार दिया जाएगा, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से होशियारपुर के जंगलों में छोड़ दिया जाएगा।

A wild sambar deer entered a house to escape from dogs; the forest department rescued it after a strenuous effort




