जालंधर: संत निरंकारी मिशन की प्रमुख माता सुदीक्षा जी महाराज की गाड़ी के साथ एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यह घटना हरियाणा के सोनीपत जिले में नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर मुरथल के पास उस वक्त वाहरी, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने माता सुदीक्षा जी महाराज की गाड़ी को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में माता सुदीक्षा जी पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी गंभीर हो सकता था, लेकिन ईश्वर की कृपा से सब सुरक्षित रहे। अपनी गाड़ी से टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो का चालक रुकने के बजाय मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
हादसे की खबर फैलते ही देश-विदेश में मौजूद निरंकारी मिशन के श्रद्धालुओं और संगत में चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि, जब यह सूचना मिली कि माता सुदीक्षा जी महाराज पूरी तरह सही-सलामत हैं, तब जाकर संगत ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारकर भागने वाले स्कॉर्पियो चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

A major accident was narrowly averted involving the car of Sant Nirankari Mission head Mata Sudiksha, when it was hit by a Scorpio.




