You are currently viewing जालंधर में नशा तस्कर पर बड़ा एक्शन, 14 FIR वाले बाबा के अवैध घर पर चला नगर निगम का पीला पंजा, भारी पुलिस बल तैनात

जालंधर में नशा तस्कर पर बड़ा एक्शन, 14 FIR वाले बाबा के अवैध घर पर चला नगर निगम का पीला पंजा, भारी पुलिस बल तैनात

जालंधर: जालंधर में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। शहर के बस्ती बावा खेल इलाके के राजन नगर में आज पुलिस और नगर निगम ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ नशा तस्करी के आरोपी नरिंदर कुमार उर्फ बाबा के अवैध रूप से बने घर पर प्रशासन का पीला पंजा (बुलडोजर) चला है। किसी भी तरह के विरोध को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

नोटिस का जवाब न मिलने पर हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नरिंदर कुमार उर्फ बाबा ने नियमों को ताक पर रखकर घर का निर्माण किया था। इस संबंध में नगर निगम की टीम ने उसे पहले नोटिस भी जारी किया था, लेकिन आरोपी की तरफ से नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। जवाब न मिलने और अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद आज नगर निगम की टीम ने डिमोलिशन ड्राइव चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

14 मुकदमों में नामजद है आरोपी ‘बाबा’

मौके पर मौजूद एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि आरोपी नरिंदर कुमार उर्फ बाबा एक आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि उस पर नशा तस्करी और अन्य अपराधों को लेकर अलग-अलग थानों में 14 एफआईआर (FIR) दर्ज हैं। प्रशासन की यह कार्रवाई अपराधियों की अवैध संपत्ति पर चोट करने के उद्देश्य से की गई है।

नशे के खिलाफ ‘युद्ध’ के तहत एक्शन

एसीपी ने बताया कि नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी, जिसके चलते वह खुद और बस्ती बावा खेल के एसएचओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम के तहत तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है और यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है।

Major action against drug trafficker in Jalandhar: Municipal corporation demolishes the illegal house of the man with 14 FIRs against him.