जालंधर: जालंधर कैंट के व्यस्त सब्जी मंडी रोड पर बेखौफ लुटेरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां दिल्ली से आए एक मार्बल व्यापारी की पत्नी से बाइक सवार दो बदमाश पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में करीब 55 लाख रुपये कीमत का सोना और नकदी मौजूद थी। घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें लुटेरे भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अंधेरे का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
दिल्ली के मार्बल व्यापारी शंकर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी शालू के साथ सब्जी मंडी के पास पार्किंग में कार लगाने के बाद बाजार गए थे। रात करीब 7:50 से 8:15 बजे के बीच जब वे वापस ऑटो पार्किंग की तरफ जा रहे थे, तभी एक ढाबे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स झपट्टा और फरार हो गए। शंकर सिंह के मुताबिक वहां अंधेरा होने के कारण वे बाइक का नंबर नहीं पढ़ सके।
पर्स में था 35 तोला सोना और डेढ़ लाख कैश
पीड़ित परिवार के अनुसार, लुटेरे जो पर्स ले गए उसमें भारी मात्रा में कीमती सामान था। पर्स में करीब 35 तोले (350 ग्राम) सोना था, जिसकी बाजार कीमत 50 से 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पर्स में 1.50 लाख रुपये की नकदी और कुछ जरूरी दस्तावेज भी थे। इतनी बड़ी रकम और ज्वैलरी चले जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
शादी और हिमाचल घूमने के बाद शॉपिंग करने आए थे
शंकर सिंह ने बताया कि वह 31 दिसंबर को अपनी बहन सुशीला देवी (निवासी न्यू डिफेंस कॉलोनी, संसारपुर) से मिलने और एक शादी समारोह में शामिल होने जालंधर आए थे। 1 जनवरी को शादी के बाद वे परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए। वहां से लौटने के बाद 4 जनवरी को वे सीधे खरीदारी के सिलसिले में जालंधर कैंट बाजार पहुंचे थे, जहां यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बीएनएस के तहत दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने शालू के बयानों के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ एफआईआर नंबर-4 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

A major robbery took place in broad daylight in Jalandhar; the wife of a Delhi-based marble trader was robbed of jewelry and cash worth 55 lakh rupees.




