You are currently viewing सावधान: फोन पर ये नंबर डायल करते ही खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट, सरकार ने USSD स्कैम पर जारी की चेतावनी

सावधान: फोन पर ये नंबर डायल करते ही खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट, सरकार ने USSD स्कैम पर जारी की चेतावनी

नई दिल्ली: अगर आपके पास कोई डिलीवरी बॉय, कूरियर वाला या कस्टमर केयर अधिकारी फोन करे और नेटवर्क की समस्या बताकर कोई खास नंबर डायल करने को कहे, तो सावधान हो जाएं। आपकी एक छोटी सी गलती आपकी जिंदगी भर की कमाई डूबा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी (I4C) ने एक नए और बेहद खतरनाक ‘USSD कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम’ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।

डिलीवरी एजेंट बनकर बिछाते हैं जाल

सरकार के मुताबिक, ठगों ने लोगों को फंसाने का नया तरीका खोज लिया है। ये हैकर्स अक्सर डिलीवरी एजेंट या कूरियर बॉय बनकर आपको कॉल करते हैं। बात करते वक्त वे जानबूझकर आवाज कटने या नेटवर्क न होने का बहाना बनाते हैं। इसके बाद, वे आपको झांसे में लेते हुए कहते हैं कि बेहतर बात करने के लिए आप अपने फोन से एक कोड (जो अक्सर * से शुरू होता है) और उनका नंबर डायल करें। जैसे ही आप उनकी बातों में आकर वह नंबर डायल करते हैं, आप उनके जाल में फंस जाते हैं।

OTP सीधे हैकर्स के पास, खाता मिनटों में साफ

दरअसल, यह पूरा खेल USSD (अनस्ट्रक्चर्ड सप्लिमेंटरी सर्विस डेटा) कोड का है। ठग आपसे जो नंबर डायल करवाते हैं, वह असल में ‘कॉल फॉरवर्डिंग’ एक्टिवेट करने का कोड होता है। जैसे ही आप इसे डायल करते हैं, आपके फोन पर आने वाली सारी कॉल्स स्कैमर के नंबर पर डायवर्ट (फॉरवर्ड) हो जाती हैं। इसके बाद आपके बैंक या सोशल मीडिया अकाउंट के लिए आने वाले ‘OTP’ (वन टाइम पासवर्ड) भी सीधे हैकर्स के पास कॉल के जरिए पहुंच जाते हैं, जिसका इस्तेमाल कर वे आपका बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।

भूलकर भी डायल न करें ये कोड्स

सरकार ने लोगों को आगाह किया है कि किसी के कहने पर नीचे दिए गए कोड्स के साथ कोई मोबाइल नंबर डायल न करें:

*21*मोबाइल नंबर#

*67*मोबाइल नंबर#

*61*मोबाइल नंबर#

*62*मोबाइल नंबर#

ये कोड आपके फोन की सुरक्षा सेटिंग्स को बायपास कर कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर देते हैं।

गलती हो जाए तो तुरंत डायल करें ये ‘मैजिक कोड’

अगर अनजाने में आपने ऐसा कोई नंबर डायल कर दिया है या आपको शक है कि आपकी कॉल फॉरवर्ड की जा रही है, तो बचाव का भी रास्ता है। अपने फोन से तुरंत ##002# डायल करें। यह कोड आपके नंबर पर एक्टिव सभी तरह की कॉल फॉरवर्डिंग को तुरंत बंद कर देगा। इसके अलावा, ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या ‘संचार साथी’ पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।

Caution: Dialing this number on your phone will empty your bank account.