You are currently viewing जालंधर में शराब के ठेके में भयंकर आग, सोता रह गया सेल्समैन, गर्मी और घुटन से खुली नींद तो उड़ गए होश; लाखों का माल खाक

जालंधर में शराब के ठेके में भयंकर आग, सोता रह गया सेल्समैन, गर्मी और घुटन से खुली नींद तो उड़ गए होश; लाखों का माल खाक

जालंधर: पंजाब के जालंधर स्थित प्रताप बाग इलाके में शुक्रवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक शराब के ठेके में भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 3 बजे हुआ। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि वे सड़क के दूसरी तरफ तक पहुंच रही थीं। ठेके के अंदर रखी शराब की बोतलें गर्मी के कारण किसी बम की तरह फट रही थीं, जिसकी आवाजें आसपास के घरों तक सुनाई दीं। इस भयानक अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन गनीमत रही कि अंदर सो रहे सेल्समैन की जान बाल-बाल बच गई।

घटना के समय ठेके के भीतर सेल्समैन सचिन सो रहा था। सचिन ने बताया कि वह अक्सर रात को दुकान के अंदर ही सोता है और गुरुवार रात भी शटर गिराकर सो गया था। रात 12 बजे तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन तड़के करीब 3 बजे उसे रजाई के अंदर अचानक घुटन और तेज गर्मी महसूस हुई। घबराहट में जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि ठेके के एक कोने में आग लगी हुई है और कमरे में धुआं भर रहा है। मौत को सामने देख वह तुरंत शटर खोलकर बाहर भागा। सचिन का कहना है कि उसके बाहर निकलने के महज 10 मिनट के भीतर ही पूरे ठेके को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। उसने भगवान का शुक्र मनाते हुए कहा कि अगर नींद खुलने में थोड़ी भी देर होती, तो उसका बचना नामुमकिन था।

आग लगने की वजह प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। कर्मचारी कपिल राणा और सचिन ने बताया कि ठेके के लिए बाहर से बिजली का कनेक्शन आ रहा था और वहीं तारों में स्पार्किंग होने की आशंका है, क्योंकि अंदर बल्ब के अलावा कोई भारी उपकरण नहीं था। आग पकड़ते ही शराब, जो कि ज्वलनशील होती है, ने आग को और भड़का दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने धमाकों जैसी आवाजें सुनीं और जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि शराब की बोतलें फट रही थीं और कांच सड़क पर बिखरा हुआ था। आग इतनी तेज थी कि कोई भी दुकान के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चूंकि ठेके के अंदर भारी मात्रा में शराब का स्टॉक था, इसलिए आग बार-बार भड़क रही थी। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग को फैलने से रोक लिया, अन्यथा यह आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाके को भी अपनी जद में ले सकती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ठेका मालिक के मुताबिक, इस घटना में पूरा स्टॉक जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

A massive fire broke out at a liquor store in Jalandhar; the salesman was asleep and woke up due to the heat