जालंधर: जालंधर में आज यानी शुक्रवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशाल नगर कीर्तन निकाला जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। पुलिस ने शहर के 22 प्रमुख चौकों और रास्तों पर रूट डायवर्ट किया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी की गई एडवाइजरी के मुताबिक, यह डायवर्जन सुबह 9 बजे से लागू हो गया है और रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा, इसलिए वाहन चालकों को इन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
यह विशाल नगर कीर्तन मोहल्ला गोबिंदगढ़ स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से शुरू होगा और शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होता हुआ वापस यहीं संपन्न होगा। तय किए गए रूट के अनुसार, नगर कीर्तन एसडी कॉलेज, भारत सोडा फैक्ट्री, रेलवे रोड, मंडी फैंटनगंज से होते हुए गुरुद्वारा दीवान अस्थान सेंट्रल टाउन पहुंचेगा। वहां से मिलाप चौक, फगवाड़ा गेट, शहीद भगत सिंह चौक, पंज पीर चौक, खिंगरा गेट और गुरुद्वारा श्री सिंह सभा अड्डा होशियारपुर की ओर जाएगा। इसके बाद यात्रा माई हीरा गेट, भगवान वाल्मीकि गेट, पटेल चौक, सब्जी मंडी चौक, जेल चौक, बस्ती अड्डा चौक, ज्योति चौक (भगवान वाल्मीकि चौक) और रैनक बाजार होते हुए वापस मिलाप चौक की तरफ मुड़ेगी। इस दौरान संगत के लिए जगह-जगह लंगर के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए मदन फ्लोर मिल चौक, अलास्का चौक, रेलवे स्टेशन टी-पॉइंट, दमोरिया पुल, किशनपुरा चौक रेलवे फाटक और दुआबा चौक रेलवे फाटक पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है। इसके अलावा पटेल चौक, वर्कशॉप चौक, कपूरथला चौक, चिक-चिक चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर मोड़, फुटबॉल चौक, शक्ति नगर टी-पॉइंट, नकोदर चौक, स्काईलार्क चौक, प्रीत होटल मोड़, मखदूमपुरा गली, प्लाजा चौक, कंपनी बाग (श्रीराम चौक), मिलाप चौक और शास्त्री मार्केट चौक पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे जाम में फंसने से बचने के लिए शहर के प्रमुख चौकों की बजाय लिंक रोड का प्रयोग करें। पुलिस ने लोगों की सुविधा और सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0181-2227296 भी जारी किया है, जिस पर संपर्क करके रूट की जानकारी ली जा सकती है।

Traffic diversions are in effect today in Jalandhar due to the Nagar Kirtan procession; entry is restricted at 22 intersections




