You are currently viewing जालंधर में बेखौफ चोर, दुकान का शटर तोड़कर एक लाख कैश और घी-तेल उड़ाया; दो बार आए चोर, CCTV में कैद हुई करतूत

जालंधर में बेखौफ चोर, दुकान का शटर तोड़कर एक लाख कैश और घी-तेल उड़ाया; दो बार आए चोर, CCTV में कैद हुई करतूत

जालंधर: जालंधर महानगर में ठंड और कोहरे की आड़ में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर के व्यस्त इलाके मंडी रोड का है, जहां चोरों ने ‘परशोतम विश्वनाथ’ नाम की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और भारी मात्रा में कीमती राशन चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता वीरवार सुबह तब चला जब पड़ोसी दुकानदारों ने शटर टूटा हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक को दी।

सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे तो देखा कि अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह रोजाना की तरह बुधवार रात को अपनी दुकान ठीक से बंद करके घर गए थे। लेकिन रात के अंधेरे और घनी धुंध का फायदा उठाकर चोरों ने शटर तोड़ दिया। पीड़ित के मुताबिक, चोर दुकान से करीब एक लाख रुपये कैश, 25 किलो देसी घी और रिफाइंड तेल के 8 से 10 टीन चोरी कर ले गए। दुकानदार ने बताया कि देर रात ही पेमेंट के तौर पर कुछ नकदी आई थी, जिसे वे दुकान में ही छोड़ गए थे, जिस पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात सीसीटीवी फुटेज में सामने आई है। फुटेज में देखा गया कि चोरों ने तसल्ली से दो बार दुकान में चक्कर लगाया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी के मुताबिक पहले चोर रात करीब 3.30 बजे दुकान में दाखिल हुए और सामान लेकर चले गए। इसके ठीक 15 मिनट बाद वे वापस लौटे और दुकान को अच्छी तरह खंगाला। इस दूसरे राउंड में उन्होंने खानों में रखा देसी घी और कैश चोरी किया। फुटेज में चार चोर साफ दिखाई दे रहे हैं, जो रिफाइंड के टीन और अन्य सामान ले जाते हुए कैद हुए हैं।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में चोरों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करने में आसानी होगी। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

In Jalandhar fearless thieves broke the shop shutter and stole one lakh rupees in cash and ghee and oil