नई दिल्ली: साल 2026 की शुरुआत महंगाई के एक बड़े झटके के साथ हुई है। 1 जनवरी से सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, आम आदमी के लिए राहत की बात यह है कि यह बढ़ोतरी केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर पर की गई है, जबकि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) के दाम स्थिर रखे गए हैं।
तेल विपणन कंपनियों ने नए साल के मौके पर कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 111 रुपये (लगभग 7 प्रतिशत) का इजाफा किया है। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,691.50 रुपये हो गई है। दिसंबर 2025 में यही सिलेंडर 1,580.50 रुपये का था।
यह कीमत जून 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर में सिलेंडर 10 रुपये और नवंबर में 5 रुपये सस्ता हुआ था, लेकिन नए साल पर कीमतों में सीधी 111 रुपये की उछाल दर्ज की गई है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्त्रां, ढाबों और कैटरिंग सर्विस में किया जाता है। ईंधन की लागत बढ़ने से होटल और रेस्त्रां मालिक खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ा सकते हैं, जिसका सीधा असर बाहर खाना खाने वाले लोगों की जेब पर पड़ने की आशंका है।
सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। घरेलू सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल 2025 के बाद से स्थिर बने हुए हैं, जिससे घर का बजट फिलहाल बिगड़ने से बच गया है।

inflation-is-a-new-year-gift-gas-cylinders-become-costlier-by-rs-111-learn-about-the-new-price








