जालंधर: जालंधर के रामामंडी-आदमपुर रोड स्थित जोहला गेट के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में घायल महिला की 13 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आज मौत हो गई। करीब दो हफ्ते पहले एक्टिवा सवार एक दंपति को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में घायल पति का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान कला वती के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के बेटे मनोज कुमार ने बताया कि बीती 17 दिसंबर को उनके पिता छोटे लाल और मां कला वती एक्टिवा पर सवार होकर आदमपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। कार को लुधियाना निवासी मनप्रीत सिंह चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार दंपति सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए थे।
मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में उनके माता-पिता की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। गंभीर हालत में उन्हें पहले जोहल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सत्यम अस्पताल और बाद में पिम्स (PIMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया। पिछले 13 दिनों से पिम्स में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद आज इलाज के दौरान कला वती की मौत हो गई। वहीं, उनके पिता छोटे लाल की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना रामामंडी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Speeding car causes tragedy in Jalandhar: Woman injured in car crash dies in hospital 13 days later




