You are currently viewing जालंधर में RTA अफसर की फ्लैट के बाथरूम में मिली लाश, बेटे की शादी के कुछ दिन बाद ही घर में पसरा मातम

जालंधर में RTA अफसर की फ्लैट के बाथरूम में मिली लाश, बेटे की शादी के कुछ दिन बाद ही घर में पसरा मातम

जालंधर: जालंधर के रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) अधिकारी रविंदर सिंह गिल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह उनका शव जालंधर हाइट्स स्थित उनके फ्लैट के बाथरूम से बरामद किया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रविंदर सिंह गिल जालंधर हाइट्स के फ्लैट में रह रहे थे। सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आए, तो बाहर इंतजार कर रहे उनके ड्राइवर और गनमैन को अनहोनी का शक हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो गिल बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज सुरजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।

रविंदर सिंह गिल का करियर काफी लंबा रहा है। वह पहले बठिंडा में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात थे। तरक्की मिलने के बाद उन्हें चंडीगढ़ हेड ऑफिस में नियुक्त किया गया था और हाल ही में उन्हें जालंधर आरटीए (RTA) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही उनका परिवार बठिंडा से जालंधर पहुंच गया है। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक शहर बठिंडा में ही किया जाएगा।

गिल के परिवार पर यह दुख का पहाड़ ऐसे समय में टूटा है जब घर में खुशियों का माहौल था। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक की शादी कुछ ही दिन पहले हुई थी। शादी के जश्न के बीच अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की शंका का समाधान हो सके।

The body of an RTA officer was found in the bathroom of his flat in Jalandhar; the family is plunged into mourning