You are currently viewing जालंधर में फाइनांस कर्मी की कार घेरकर हमला, शीशे तोड़कर 2 लाख रुपये लूटने का आरोप; पुलिस मान रही मामला संदिग्ध

जालंधर में फाइनांस कर्मी की कार घेरकर हमला, शीशे तोड़कर 2 लाख रुपये लूटने का आरोप; पुलिस मान रही मामला संदिग्ध

जालंधर: जालंधर के देहात इलाके फिल्लौर में नूरमहल रोड पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक ऑल्टो कार को घेरकर उसके चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी में रखा 2 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इस हमले में कार चालक बुरी तरह घायल हो गया है, जिसकी पहचान नूरमहल निवासी अंकुश के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए तुरंत फिल्लौर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित अंकुश एक निजी फाइनांस कंपनी का कर्मचारी बताया जा रहा है।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पीड़ित अंकुश ने बताया कि वह अपने साथी लवप्रीत के साथ नवांशहर से कलेक्शन के पैसे लेकर ऑल्टो कार (नंबर PB 10 GP 4902) से लौट रहा था। चूंकि बैंक का समय खत्म हो चुका था और बैंक बंद थे, इसलिए वह कैश जमा नहीं करवा पाया और पैसे अपने साथ ही लेकर आ रहा था। जैसे ही वे फिल्लौर रेलवे फाटक के पास पहुंचे, तभी 5 से 6 बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया और रोककर मारपीट शुरू कर दी। बदमाश मौका पाते ही रुपयों वाला बैग लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल अंकुश के बयानों पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है, लेकिन पुलिस अधिकारियों को यह मामला पहली नजर में संदिग्ध लग रहा है। पुलिस का कहना है कि वे लूट के दावे के साथ-साथ पैसों के आपसी लेन-देन के विवाद के एंगल पर भी गहराई से जांच कर रहे हैं। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि अंकुश और लवप्रीत के बयानों की तस्दीक और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असली सच्चाई सामने आ पाएगी।

In Jalandhar a finance company employee’s car was surrounded and attacked; the attackers allegedly broke the windows