You are currently viewing अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी यात्रियों से बरी बस, 7 लोगों की मौत; मची चीख-पुकार

अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी यात्रियों से बरी बस, 7 लोगों की मौत; मची चीख-पुकार

रामनगर: तहसील क्षेत्र के विनायक के पास सैलापानी में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रामनगर की ओर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस (केमू) नोबाड़ा से रामनगर जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे जब बस सैलापानी मोड़ के पास पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भयानक था कि 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला ने CHC भिकियासैंण अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का कुल आंकड़ा 7 हो गया है।

दुर्घटनाग्रस्त बस ‘कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन’ (KMOUs) लिमिटेड की थी, जिसका नंबर UK 07 PA 4025 है। यह बस रामनगर के मोहम्मद अल्ताफ की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बस सोमवार सुबह 11 बजे द्वाराहाट-नोबाड़ा के लिए रवाना हुई थी। आज सुबह 6:30 बजे बस नोबाड़ा से वापस रामनगर के लिए चली थी। हैरानी की बात यह है कि इस भीषण हादसे में बस का ड्राइवर और कंडक्टर दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई बहुत गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मिलकर रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से घायलों को सड़क तक पहुंचाया।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे का कारण प्रथम दृष्टया सड़क की खराब हालत या चालक की लापरवाही माना जा रहा है, जिसकी जांच जारी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

An out-of-control bus carrying passengers plunged into a deep gorge, killing 7 people; screams and cries of distress filled the air