You are currently viewing जालंधर नगर निगम के लिफ्ट में फंसी दिव्यांग महिला और हार्ट पेशेंट, भड़के कर्मियों ने XEN को बाहर निकाल दफ्तर पर जड़ा ताला

जालंधर नगर निगम के लिफ्ट में फंसी दिव्यांग महिला और हार्ट पेशेंट, भड़के कर्मियों ने XEN को बाहर निकाल दफ्तर पर जड़ा ताला

जालंधर: जालंधर नगर निगम (MC) के मुख्य कार्यालय में सोमवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब खराब रखरखाव के चलते लिफ्ट बीच में ही अटक गई। इस दौरान लिफ्ट में एक दिव्यांग महिला और नगर निगम का ही एक कर्मचारी, जो दिल का मरीज (Heart Patient) है, फंस गए। करीब 15 से 20 मिनट तक दोनों लिफ्ट के अंदर जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे। इस घटना से गुस्साए निगम कर्मचारियों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा और XEN समेत दो अधिकारियों के कमरों पर ताला जड़ दिया।

घटनाक्रम के मुताबिक, दिव्यांग महिला और निगम कर्मचारी किसी काम से लिफ्ट के जरिए चौथी मंजिल पर जा रहे थे। तभी अचानक तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट बीच रास्ते में बंद हो गई। लिफ्ट में फंसे कर्मचारी की मेडिकल कंडीशन (हार्ट पेशेंट) को देखते हुए बाहर खड़े लोगों में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद करीब 20 मिनट बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने कर्मचारियों के सब्र का बांध तोड़ दिया।

सहकर्मियों की जान जोखिम में देख कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मौके पर ही प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस पूरे वाकये का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाराज कर्मचारी XEN सुखविंदर को उनकी कुर्सी से उठाकर कमरे से बाहर निकालते और फिर दरवाजे पर ताला जड़ते नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों ने इससे पहले एससी (SC) धवन के कमरे को भी सील कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि निगम दफ्तर की लिफ्टें पिछले तीन से चार महीनों से खराब पड़ी हैं। इस बारे में कई बार उच्च अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण आए दिन कर्मचारी और आम लोग लिफ्ट में फंस रहे हैं, जिससे हर वक्त जान का खतरा बना रहता है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द लिफ्ट की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

A disabled woman and a heart patient were trapped in the elevator of the Jalandhar Municipal Corporation building; enraged employees dragged the XEN