You are currently viewing जालंधर में दर्दनाक हादसा: दरबार साहिब जा रहे LPU छात्र की मौत; बाइक स्लिप होने से सड़क पर गिरा, हेलमेट नहीं पहनने से गई जान

जालंधर में दर्दनाक हादसा: दरबार साहिब जा रहे LPU छात्र की मौत; बाइक स्लिप होने से सड़क पर गिरा, हेलमेट नहीं पहनने से गई जान

जालंधर: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव विधिपुर के पास हुआ, जहाँ दोनों छात्रों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई।

मृतक छात्र की पहचान जनार्दन के रूप में हुई है, जबकि घायल साथी का नाम रियांश बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्र मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे और फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में पढ़ाई कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेम्पल) में माथा टेकने जा रहे थे। विधिपुर के पास अचानक उनकी बाइक स्लिप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जनार्दन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। बाइक से गिरते ही उसका सिर सीधे कंक्रीट की सड़क से टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में रियांश को भी गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश में रहने वाले मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tragic accident in Jalandhar: LPU student dies while on his way to Darbar Sahib; fell on the road after his bike slipped