You are currently viewing यमुना एक्सप्रेसवे पर टक्कर के बाद दो कारों में लगी भीषण आग; धू-धूकर जलीं गाड़ियां; देखें घटना का VIDEO

यमुना एक्सप्रेसवे पर टक्कर के बाद दो कारों में लगी भीषण आग; धू-धूकर जलीं गाड़ियां; देखें घटना का VIDEO

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बड़े सड़क हादसे में दो कारें जलकर खाक हो गईं। एक्सप्रेसवे पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि कारों में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहनों से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों कारें धू-धू कर जलती हुई दिखाई दे रही हैं।

देखें VIDEO-

पुलिस के मुताबिक, यह घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे की है। शनिवार रात दो गाड़ियां जेवर से नोएडा की तरफ जा रही थीं, तभी उनके बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों गाड़ियों में आग लग गई। लपटें उठती देख राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों कारें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।

रबूपुरा थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और आग लग गई, लेकिन राहत की बात यह है कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। कार सवार समय रहते बाहर निकल आए थे। पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Two cars caught fire after a collision on the Yamuna Expressway; the vehicles were completely gutted