You are currently viewing पंजाब के पड़ोसी राज्य में पुलिसकर्मी ने मचाया कोहराम; शराब के नशे में धुत होकर कार से कई वाहनों को रौंदा, देखें कैमरे में कैद VIDEO

पंजाब के पड़ोसी राज्य में पुलिसकर्मी ने मचाया कोहराम; शराब के नशे में धुत होकर कार से कई वाहनों को रौंदा, देखें कैमरे में कैद VIDEO

यमुनानगर: यमुनानगर के रेलवे रोड पर शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पुलिस का लोगो लगी एक तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित होकर कोहराम मचा दिया। बेकाबू कार ने बाजार में दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे करीब चार एक्टिवा और एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त वहां मौजूद लोगों और दुकानदारों ने भागकर अपनी जान बचाई, वरना कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।

यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को रौंद डाला। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित व्यापारी सुधीर के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार और एक्टिवा पूरी तरह टूट गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी चला रहा व्यक्ति बुरी तरह नशे में था और अगर वे कुछ सेकंड की भी देरी करते तो वे खुद भी इस हादसे की चपेट में आ सकते थे।

देखें VIDEO-

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर हरियाणा पुलिस का लोगो लगा हुआ था। इतना ही नहीं, तलाशी के दौरान कार से हरियाणा पुलिस के उपनिरीक्षक बलविंदर सिंह के नाम का एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गाड़ी चला रहा शख्स पुलिसकर्मी था या कोई और, लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और नुकसान की भरपाई की मांग की है। पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

In a neighboring state of Punjab, a police officer caused chaos; he was drunk and ran over several vehicles with his car.