ओटावा: कनाडा के उन्नत हेल्थकेयर सिस्टम की पोल खोलती एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एडमोंटन शहर में भारतीय मूल के 44 वर्षीय प्रशांत श्रीकुमार की अस्पताल के इमरजेंसी रूम में इलाज के इंतजार में तड़प-तड़प कर मौत हो गई। तीन बच्चों के पिता प्रशांत सीने में तेज दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों की संवेदनहीनता देखिए कि उन्हें करीब आठ घंटे तक वेटिंग रूम में ही बिठाए रखा गया। अंततः दर्द बर्दाश्त न कर पाने के कारण वे अस्पताल के फर्श पर गिर पड़े और उनकी सांसें थम गईं।
ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पेशे से अकाउंटेंट प्रशांत श्रीकुमार को काम के दौरान अचानक सीने में असहनीय दर्द उठा था, जिसके बाद उनका एक क्लाइंट उन्हें ग्रे नन्स कम्युनिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। वहां स्टाफ ने उन्हें इमरजेंसी में इंतजार करने का निर्देश दिया। प्रशांत की पत्नी द्वारा साझा किए गए दर्दनाक विवरण के मुताबिक, वेटिंग रूम में बैठे-बैठे प्रशांत का ब्लड प्रेशर खतरे के निशान को पार करते हुए 210 तक पहुंच गया था। बार-बार दर्द की गुहार लगाने और हालत बिगड़ने के बावजूद अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें महज पेनकिलर (टायलेनॉल) देकर इंतजार करने को कहा। उनका सिर्फ एक ईसीजी किया गया, जिसे भी डॉक्टरों ने सामान्य बताकर गंभीरता से नहीं लिया।
मृत्यु से कुछ देर पहले प्रशांत ने अपने पिता कुमार श्रीकुमार से फोन पर बात की थी। उन्होंने हताशा में कहा था, “पापा, अब मैं यह दर्द बर्दाश्त नहीं कर पा रहा हूं।” यह उनके आखिरी शब्द साबित हुए। करीब आठ घंटे के जानलेवा इंतजार के बाद जब अंत में उन्हें इलाज के लिए अंदर बुलाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ट्रीटमेंट एरिया में पहुंचते ही वे गिर पड़े और संदिग्ध कार्डियक अरेस्ट से उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।
इस त्रासद घटना ने प्रशांत के परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। उनके पीछे उनकी पत्नी और तीन बच्चे (उम्र 3, 10 और 14 साल) छूट गए हैं। परिवार के दोस्त वरिंदर भुल्लर ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्हें कनाडा के स्वास्थ्य तंत्र से ऐसी लापरवाही की उम्मीद नहीं थी। शोकाकुल परिवार अब जवाब मांग रहा है कि ‘चेस्ट पेन’ जैसी मेडिकल इमरजेंसी में मरीज को डॉक्टर ने समय रहते क्यों नहीं देखा, जो अंततः उसकी मौत का कारण बना।

Treatment delays in Canada claim a life: An Indian man suffering from chest pain was not seen by a doctor for 8 hours




