You are currently viewing इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, 7 लोगों की मौत; इमारत की छत से टकराते ही लगी भीषण आग

इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट क्रैश, 7 लोगों की मौत; इमारत की छत से टकराते ही लगी भीषण आग

नई दिल्ली: मेक्सिको के सैन मेटो एटेन्को में एक दर्दनाक हवाई हादसा सामने आया है, जहां इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा एक छोटा प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। नियंत्रण खोने के बाद यह जेट एक व्यावसायिक इमारत की छत से जा टकराया, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। आग और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।

यह घटना उस वक्त हुई जब विमान ने अकापुल्को से उड़ान भरी थी और वह टोलुका हवाई अड्डे की ओर जा रहा था। टोलुका हवाई अड्डा मेक्सिको सिटी से लगभग 31 मील पश्चिम में स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनास्थल हवाई अड्डे से महज तीन मील की दूरी पर एक औद्योगिक क्षेत्र में है। मेक्सिको राज्य के सिविल डिफेंस समन्वयक एड्रियन हर्नांडेज़ ने जानकारी दी कि विमान में कुल आठ यात्री और दो चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि, दुर्घटना के कई घंटों बाद तक मलबे से केवल सात शव ही बरामद किए जा सके हैं, जिसके चलते बाकी लोगों की स्थिति को लेकर संशय बना हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तकनीकी खराबी आने पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को पास के एक फुटबॉल मैदान पर उतारने की कोशिश की थी। लेकिन विमान मैदान तक नहीं पहुंच सका और पास की एक इमारत की धातु की छत से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर तुरंत आग लग गई। सैन मेटो एटेन्को की मेयर एना मुनिज़ ने स्थानीय मीडिया को बताया कि आग और दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाके से करीब 130 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

A private jet crashed during an emergency landing, killing 7 people; a massive fire erupted after it struck the roof