ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के चलते एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। आगरा से मथुरा की ओर जाने वाले रास्ते पर माइलस्टोन 127 के पास सुबह करीब 4:30 बजे 5 बसें और एक कार आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते सभी वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्हें काफी दूर से देखा जा सकता था, जिसके चलते एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पुलिस बल और दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पीछे से आ रहे वाहनों को रोक दिया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बसें प्राइवेट थीं जो कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थीं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 38 लोगों को जिला अस्पताल और 9 लोगों को सीएचसी बल्देव में भर्ती कराया गया है, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति का इलाज जारी है। प्रशासन को आशंका है कि वाहनों के अंदर अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
#WATCH | Mathura, UP | Several buses catch fire on the Delhi-Agra Expressway. Casualties feared. Further details awaited. pic.twitter.com/9J3LVyeR3P
— ANI (@ANI) December 16, 2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ह्रदयविदारक घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर रहकर राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा रोडवेज की तरफ से भी मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और पुलिस यातायात बहाल करने के साथ-साथ मृतकों की पहचान करने में जुटी है।

Fog causes chaos: 5 buses and cars collide, 4 killed in resulting fire




