बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दस्तक से सनसनी फैल गई है। गैंग के गुर्गों ने बेतिया के मैनाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित चिउटाहा गांव में शुक्रवार को जमकर उत्पात मचाया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शातिर अपराधी शशांक पांडेय ने अपने करीब 200 साथियों के साथ मिलकर एक किसान के फार्म हाउस पर धावा बोल दिया। हथियारों से लैस इस भीड़ ने पहले फार्म हाउस में जमकर तोड़फोड़ की, फिर मवेशी और अनाज लूटने के बाद वहां आग लगा दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित किसान जिशान जुल्फेकार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, आरोपी शशांक पांडेय हथियारों से लैस होकर भारी भीड़ के साथ उनके फार्म हाउस पर पहुंचा था। उपद्रवियों ने फार्म हाउस की चहारदीवारी तोड़ दी और वहां रखे धान-गेहूं के साथ मवेशियों को भी लूट लिया। इतना ही नहीं, दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने फार्म हाउस को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित ने बताया कि शशांक ने जान से मारने की धमकी देते हुए रंगदारी के तौर पर पूरा फार्म हाउस उसके नाम करने का दबाव बनाया। जब पड़ोस में रहने वाली महिला सहबुन खातून ने इसका विरोध किया, तो शशांक ने उसकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी, जबकि उसके साथी अविनाश मिश्रा ने महिला को रॉड से मारकर घायल कर दिया। हमलावरों ने महिला के घर से जेवर और अन्य कीमती सामान भी लूट लिए।
घटना की सूचना मिलते ही नरकटियागंज एसडीएम सूर्यप्रकाश गुप्ता और एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह समेत भारी पुलिस बल और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से मुख्य आरोपी शशांक पांडेय, अविनाश मिश्रा, हरिराज मांझी और रघु मांझी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एफआईआर में शशांक पांडेय समेत कुल 16 लोगों को नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Lawrence Bishnoi gang’s rampage: 200 henchmen raided a farmhouse and vandalized it.




