You are currently viewing हिट एंड रन का खौफनाक VIDEO: मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी को कार ने उड़ाया, मौके पर मौत; लंदन-बेंगलुरु में रहते हैं बच्चे

हिट एंड रन का खौफनाक VIDEO: मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी को कार ने उड़ाया, मौके पर मौत; लंदन-बेंगलुरु में रहते हैं बच्चे

गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके डीएलएफ फेज-2 में एक दिल दहला देने वाली ‘हिट एंड रन’ की घटना सामने आई है। सुबह साइकिलिंग पर निकले 58 वर्षीय दवा कारोबारी अमिताभ जैन को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

हादसा सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। अमिताभ जैन अपनी साइकिल से सड़क किनारे जा रहे थे, तभी पीछे से आई दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमिताभ जैन साइकिल समेत हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया।

देखें VIDEO-

पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में लिया। गुरुग्राम पुलिस ने कार का नंबर और उससे जुड़े पते की जानकारी निकाल ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

मृतक अमिताभ जैन मेडिसिन बिजनेस में एक जाना-माना नाम थे और उन्हें साइकिलिंग का बहुत शौक था। वे रोजाना सुबह गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में साइकिलिंग के लिए निकलते थे। उनका बेटा लंदन के आईटी सेक्टर में कार्यरत है, जबकि बेटी बेंगलुरु की एक मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) में काम करती है। पिता की अचानक मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है।

गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ (PRO) संदीप ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल परिवार की ओर से हत्या जैसी कोई आशंका नहीं जताई गई है, इसलिए इसे हिट एंड रन केस मानकर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

Horrifying video of hit-and-run: Businessman on morning walk hit by car