You are currently viewing CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: प्रैक्टिकल एग्जाम की तारीखें घोषित, 10वीं के छात्रों के लिए जारी हुए नए और सख्त नियम

CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: प्रैक्टिकल एग्जाम की तारीखें घोषित, 10वीं के छात्रों के लिए जारी हुए नए और सख्त नियम

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आगामी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए कमर कस ली है और प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर विस्तृत गाइडलाइंस व मानक संचालन प्रक्रिया (SOPs) जारी कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, देश भर के सामान्य (रेगुलर सेशन) स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं नए साल में 1 जनवरी से शुरू होकर 14 फरवरी 2026 तक चलेंगी। वहीं, विंटर बाउंड यानी सर्दी वाले इलाकों के स्कूलों के लिए यह शेड्यूल 6 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि क्लास 10 और 12 के रेगुलर छात्रों के प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट उनकी पात्रता और बोनाफाइड स्टेटस की जांच के आधार पर ही कराए जाएंगे।

इस बार बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा संचालन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण अंतर रखा है। जारी निर्देशों के अनुसार, कक्षा 10वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए बोर्ड द्वारा कोई भी बाहरी परीक्षक (External Examiner) नियुक्त नहीं किया जाएगा और न ही बोर्ड प्रैक्टिकल के लिए उत्तर पुस्तिकाएं भेजेगा। स्कूलों को कॉपियों का इंतजाम अपने स्तर पर खुद करना होगा। इसके विपरीत, कक्षा 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम और प्रोजेक्ट असेसमेंट के लिए सीबीएसई हर स्कूल में एक्सटर्नल एग्जामिनर नियुक्त करेगा, जो निर्धारित विषयों का मूल्यांकन करेंगे। प्राइवेट छात्रों के लिए मार्क्स बोर्ड की पॉलिसी और एग्जामिनेशन बाय-लॉज के तहत दिए जाएंगे।

अंकों को अपलोड करने की प्रक्रिया को लेकर बोर्ड ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि जिस दिन प्रैक्टिकल परीक्षा या असेसमेंट हो, उसी दिन मार्क्स ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। मार्क्स अपलोड करते समय स्कूल, इंटरनल और एक्सटर्नल एग्जामिनर को यह सुनिश्चित करना होगा कि चढ़ाए गए नंबर पूरी तरह सही हैं, क्योंकि एक बार डेटा अपलोड हो जाने के बाद उसमें सुधार की कोई गुंजाइश नहीं होगी। इसके अलावा, छात्रों को उनके प्रैक्टिकल मार्क्स किसी भी स्थिति में नहीं बताए जाएंगे और इसे पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। विस्तृत जानकारी के लिए छात्र और स्कूल प्रशासन सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर नोटिस देख सकते हैं।

CBSE Board Exams 2026: Practical exam dates announced