You are currently viewing रेल यात्रियों को तोहफा: अब स्लीपर क्लास में भी मिलेगा तकिया-चादर, इस दिन से शुरू होगी सुविधा; जानें कितने रुपए लगेंगे

रेल यात्रियों को तोहफा: अब स्लीपर क्लास में भी मिलेगा तकिया-चादर, इस दिन से शुरू होगी सुविधा; जानें कितने रुपए लगेंगे

चेन्नई: भारतीय रेलवे ने आम यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब तक केवल एसी (AC) कोच तक सीमित रहने वाली ‘बेडरोल’ की सुविधा अब स्लीपर क्लास के यात्रियों को भी मिलेगी। दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन ने इस नई पहल की घोषणा की है, जो नए साल यानी 1 जनवरी, 2026 से लागू होने जा रही है।

किफायती दरों पर मिलेगी सुविधा रेलवे की इस नई पहल के तहत स्लीपर क्लास के यात्रियों को अब साफ-सुथरे और सैनिटाइज्ड चादर व तकिये उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, एसी कोच की तरह यह सुविधा टिकट के साथ मुफ्त नहीं होगी, बल्कि इसके लिए यात्रियों को अपनी जरूरत के मुताबिक अलग से शुल्क चुकाना होगा।

अगर कोई यात्री एक चादर, तकिया और कवर का पूरा सेट लेना चाहता है, तो उसे कुल 50 रुपये देने होंगे। वहीं, यदि यात्री को केवल चादर चाहिए, तो 20 रुपये और सिर्फ कवर के साथ तकिया लेने के लिए 30 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यात्री सफर के दौरान कोच अटेंडेंट को भुगतान करके अपनी सीट पर ही यह सुविधा आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

भारतीय रेलवे के इतिहास में यह पहली बार है जब स्लीपर क्लास में आधिकारिक रूप से बेडरोल की सुविधा दी जा रही है। अब तक यह सुविधा केवल एसी क्लास के यात्रियों के लिए थी, जिसका शुल्क उनके टिकट में ही जुड़ा होता था।

दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन के मुताबिक, फिलहाल यह योजना ‘पायलट प्रोजेक्ट’ के तौर पर शुरू की जा रही है। शुरुआती चरण में इसे चेन्नई से चलने वाली चुनिंदा 10 ट्रेनों में लागू किया जाएगा। अगर यह प्रयोग सफल रहा और यात्रियों की प्रतिक्रिया सकारात्मक मिली, तो इसे भविष्य में बड़े पैमाने पर अन्य ट्रेनों में भी लागू किया जाएगा।

अभी किन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
ट्रेन नंबर- 12671/12672, नीलगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 12685/12686, मैंगलोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 16179/16180, मन्नारगुड़ी एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 20605/20606, तिरुचेंदुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 22651/22652, पालघाट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 20681/20682, सिलंबु सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 22657/22658, तांबरम-नागरकोइल सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 12695/12696, त्रिवेंद्रम सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 22639/22640, अल्लेप्पी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर- 16159/16160, मैंगलोर एक्सप्रेस

Gift to rail passengers: Pillows and sheets will now be available in sleeper class too