नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके वसंत विहार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मशहूर ब्रांड ‘कमला पसंद’ और ‘राजश्री’ पान मसाला के मालिक कमल किशोर की पुत्रवधू दीप्ति चौरसिया (40) ने आत्महत्या कर ली है। मंगलवार शाम उनका शव घर के अंदर चुनरी के सहारे फंदे से लटकता हुआ मिला। इस हाई-प्रोफाइल खुदकुशी की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दीप्ति और उनके पति हरप्रीत चौरसिया के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी विवाद की खबरें थीं। दीप्ति और हरप्रीत की शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उनका 14 साल का एक बेटा भी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने इस मामले को और भावुक बना दिया है। सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड नोट में दीप्ति ने किसी व्यक्ति विशेष पर सीधा आरोप नहीं लगाया है, लेकिन अपने टूटे हुए विश्वास का जिक्र किया है। नोट में लिखा है, “अगर रिश्ते में प्यार नहीं, भरोसा नहीं, तो फिर उस रिश्ते में रहने की और जीने की वजह क्या है।” यह नोट इशारा करता है कि वह अपने वैवाहिक जीवन में चल रही उथल-पुथल से गहरे मानसिक तनाव में थीं।
फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। हालांकि, जांच अधिकारी हर पहलू को खंगाल रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दीप्ति किस हद तक मानसिक दबाव में थीं और क्या घटना के पीछे कोई और तात्कालिक कारण था। मामले की तह तक जाने के लिए परिवार के सदस्यों और करीबियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Kamala Pasand Pan Masala owner’s daughter-in-law commits suicide by hanging herself




